उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में बनने जा रही इंटरनेशनल फिल्म सिटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण के मास्टर लेआउट प्लान को मंजूरी दे दी है. पहले फेज में कुल 80 एकड़ जमीन पर फिल्म स्टूडियो, विश्वविद्यालय और अन्य फिल्मी गतिविधियों का विकास किया जाएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि इसका शिलान्यास 27 जून को किया जाएगा.फिल्म सिटी के सेक्टर-21 में विकसित होने वाले पहले चरण के लिए यमुना विकास प्राधिकरण द्वारा शर्तों के साथ 80 एकड़ का नक्शा पास किया गया है. इसमें से 26 एकड़ क्षेत्र ग्रीन बेल्ट के रूप में और 54 एकड़ में फिल्म स्टूडियो, यूनिवर्सिटी और अन्य गतिविधियों के लिए होगा. इस नक्शे को फिल्म निर्माता बोनी कपूर को औपचारिक रूप से सौंपा गया है.पिछले महीने बोनी कपूर और भूटानी इंफ्रा के सीईओ अशीष भूटानी ने 230 एकड़ जमीन का नक्शा प्राधिकरण के समक्ष पेश किया था. किन भूमि लेआउट से मेल न खाने और ग्रीन बेल्ट की अस्पष्टता, फिल्म इंस्टिट्यूट की जगह वेयरहाउस व होटल दिखाए जाने जैसी कई आपत्तियों के चलते यह नक्शा वापस कर दिया गया था. अब संशोधित और स्पष्ट नक्शे के आधार पर केवल 80 एकड़ का हिस्सा पास किया गया है.27 फरवरी 2025 को कंपनी को 230 एकड़ जमीन का कब्जा दे दिया गया था, लेकिन नक्शा स्वीकृत न होने के कारण शिलान्यास नहीं हो पाया था. अब नक्शा स्वीकृत हो जाने के बाद 27 जून को शिलान्यास की संभावनाएं हैं. यदि निर्माण कार्य में देरी की गई तो प्रति दिन डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना कंपनी पर लगाया जा सकता है.54 एकड़ में फिल्म स्टूडियो, साउंड स्टेज, पोस्ट-प्रोडक्शन यूनिट और अन्य काम होने हैं। एरोप्लेन और हेलिकॉप्टर से शूटिंग के लिए रनवे और हेलीपैड भी बनाए जाएंगे। संसद गैलरी, समंदर की लोकेशन और उत्तरखंड के चारधाम समेत सौर ऊर्जा पर आधारित सेट भी बनाए जाएंगे।कंपनी को पहले फिल्म सिटी और इंस्टीट्यूट से जुड़े 15 प्रतिशत काम पूरे करने होंगे। इसके बाद ही यीडा व्यावसायिक कार्य करने की अनुमति देगी। इनमें दुकानें, दफ्तर, शॉपिंग कॉम्लेक्स, कन्वेंशन सेंटर समेत अन्य सुविधाएं विकसित होंगी।फिल्म सिटी के चारों ओर 130, 100 और 75 मीटर की सड़क तैयार होगी। एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 8 लेन के 5 इंटरचेंज का काम चल रहा है। अलग से 132/33 केवीए के बिजलीघर का प्रस्ताव भी है। पानी की आपूर्ति के लिए 5 एमएलडी का रेनीवेल तैयार होगा।













