देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत वेब कास्टिंग के माध्यम से बिहार के 83,53,270 लाभार्थी किसानों के बैंक खाते में 16,70,65,40,000 रूपये अंतरित किये गये. इस मौके पर फुलवारीशरीफ स्थित बामेती में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमे कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे.
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान निधि देश के सभी रैयत किसानों के परिवारों को आय सहायता प्रदान करने की दृष्टि से केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजना है. योजना का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय दुगनी करने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इस योजना पर खर्च होने वाली शत्-प्रतिशत राशि केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाती है. यह योजना वर्ष 2018-19 के 01 दिसंबर से लागू की गयी थी. गौरतलब है कि शनिवार को देश के 10 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के खाते में अगली किस्त के रूप में 20,000 करोड़ रूपये से अधिक की राशि हस्तांतरित किया गया.













