बाढ़ थाना क्षेत्र के बाजितपुर रोड में स्थित एक मैरिज हाल में शादी समारोह में शामिल होकर शनिवार की देर रात घर लौट रहे नवनिर्वाचित मुखिया, एएसआइ और एक अन्य युवक को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। इलाज के दौरान मुखिया व एएसएआइ की राजधानी में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। वहीं, दूसरे घायल व्यक्ति की हालत गंभीर है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि वारदात के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, पंडारक पूर्वी से जीते मुखिया प्रियरंजन कुमार उर्फ गोरेलाल, पंडारक थाना के एएसआइ राजेश कुमार और लाल बहादुर बाजितपुर रोड स्थित एक मैरिज हाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह से घर लौटने के लिए मैरिज हाल से बाहर निकल रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने मुखिया, एएसआइ और युवक को गोली मार दी। मुखिया को एक गोली सीने और एक पेट में लगी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देकर भागने लगे। लोगों ने पीछा किया तो हवाई फायरिंग कर दोनों फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार, पंडारक थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, एनटीपीसी थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुटे रहे। पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है। नवनिर्वाचित मुखिया पंडारक प्रखंड के गोपीकित्ता के रहने वाले थे और पूर्वी पंडारक क्षेत्र से चुनाव जीते थे। शुक्रवार को मुखिया का चुनाव जीते थे। एएसआइ राजेश कुमार नवादा के रहने वाले थे। इधर, बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि बाढ़ थाना क्षेत्र के बाजीतपुर में स्थित एक मैरिज हाल के पास तीन लोगों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारी। मुखिया प्रियरंजन कुमार उर्फ गोरेलाल एवं पंडारक थाना के एएसआइ राजेश कुमार की मौत हो गई। वहीं, लाल बहादुर इलाजरत हैं।













