उत्तर प्रदेश समेत कुछ राज्यों में घंटों बिजली कटौती हो रही है। दूसरी ओर, राज्य सरकारें संकट भांपकर केंद्र सरकार से गुहार लगा रही हैं। इन सबके बीच केंद्रीय ऊर्जा मंत्री कहते हैं कि सब ठीक है। सारी आशंकाओं को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने ‘निराधार’ करार दिया है। सिंह ने रविवार को कहा कि संकट न तो कभी था, न आगे होगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ‘हमारे पास आज के दिन में कोयले का चार दिन से ज़्यादा का औसतन स्टॉक है, हमारे पास प्रतिदिन स्टॉक आता है। कल जितनी खपत हुई, उतना कोयले का स्टॉक आया।’ उन्होंने कहा कि ‘हमें कोयले की अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ानी है हम इसके लिए कार्रवाई कर रहे हैं।’
बिजली संकट की आशंका को देखते हुए कई मुख्यमंत्रियों ने केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दखल देने की मांग की है। आंध्र प्रदेश और पंजाब के मुख्यमंत्रियों ने भी केंद्र को चिट्ठी भेजी है।













