टीवी के मशहूर अभिनेता और बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला का इस साल सितंबर में निधन हो गया था। सिद्धार्थ शुक्ला का जन्मदिन 12 दिसंबर को होता है। वह आज जिंदा होते तो अपना 41वां जन्मदिन मनाते, लेकिन सिद्धार्थ शुक्ला के फैंस और करीबी दोस्त उन्हें जन्मदिन पर याद कर रहे हैं। साथ ही उनके बारे में सोशल मीडिया के जरिए अपनी विचार भी शेयर कर रहे हैं।
सिद्धार्थ शुक्ला की सबसे करीबी दोस्त और अभिनेत्री शहनाज गिल ने भी सोशल मीडिया के जरिए सिद्धार्थ शुक्ला को याद किया है। शहनाज गिल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिद्धार्थ शुक्ला के जन्मदिन के मौके पर उनकी एक एडिटिड तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में सिद्धार्थ शुक्ला एंजिल के पंखों में दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए शहनाज गिल ने हार्ट का इमोजी बनाया है।
सोशल मीडिया पर सिद्धार्थ शुक्ला की यह तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। दिवंगत अभिनेता और शहनाज गिल के फैंस उनकी तस्वीर को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। शहनाज गिल के अलावा सिद्धार्थ शुक्ला के 41वें जन्मदिन आरती सिंह, रश्मि देसाई, शेफाली जरीवाला, देवालीना भट्टाचार्जी और अकांक्षा पुरी ने भी उन्हें याद किया है।
आपको बता दें कि सिद्धार्थ शुक्ला का 2 सितंबर को अचानक ही निधन हो गया। जिसके बाद उनके फैंस और उनके करीबी सभी टूट चुके थे। सिद्धार्थ का निधन 40 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ था। सिद्धार्थ के निधन के बाद से शहनाज गिल भी पूरी तरह टूट गई थीं। हाल ही में सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल के गाने ‘अधूरा’ का पोस्टर रिलीज किया गया था।













